Nepal Flood News: नेपाल में अचानक आई भीषण बाढ़ और भूस्खलन ने भारी तबाही मचाई है. इस आपदा में अब तक 1127 लोगों की मौत हो चुकी है. वहीं 4858 लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं. 26 अगस्त को नेपाल तिब्बत सीमा के पास बर्फ और चट्टानों के खिसकने के बाद यह आपदा आई थी.
कई जिलों में भारी तबाही
उत्तरी और मध्य नेपाल के कई गांव बाढ़ और मलबे की चपेट में आ गए. चितवन, नवलपरासी पूर्व, नवलपरासी पश्चिम, नुवाकोट, गोरखा, धादिंग, रसुवा और तनहुं सबसे ज्यादा प्रभावित जिलों में हैं. चितवन में अकेले 348 शव बरामद किए गए हैं. कई इलाकों का संपर्क बाकी हिस्सों से टूट गया है. ऐसे में राहत और बचाव टीमों को प्रभावित गांवों तक पहुंचने में परेशानी हो रही है.
7912 सुरक्षाकर्मी राहत अभियान में जुटे
आपदा के बाद 7912 पुलिसकर्मियों और अन्य सुरक्षा एजेंसियों के जवानों को खोज और बचाव अभियान में लगाया गया है. अब तक 6541 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है. इन लोगों को राहत शिविरों में पहुंचाया गया है. प्रशासन की ओर से राहत और बचाव का काम लगातार जारी है.
911 शवों की पहचान बाकी
प्रशासन ने 1113 शवों का पोस्टमार्टम पूरा कर लिया है. इनमें से 95 शव उनके परिजनों को सौंपे जा चुके हैं. वहीं 911 अज्ञात शवों की पहचान अभी बाकी है. नेपाल पुलिस ने इन शवों की तस्वीरें और जानकारी अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर डाली है.
लापता लोगों की तलाश जारी
कई इलाकों में रास्ते टूटने और मलबा जमा होने से राहत कार्य मुश्किल बना हुआ है. बचाव दल जोखिम वाले क्षेत्रों से लोगों को सुरक्षित निकालने में जुटे हैं. प्रभावित परिवार अब भी अपने लापता परिजनों की खबर का इंतजार कर रहे हैं. राहत और खोज अभियान जारी है और प्रभावित इलाकों में मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है.