Pakur Cyber Fraud News: पाकुड़ नगर थाना क्षेत्र में एक महिला के बैंक खाते से 64 हजार रुपये की अवैध निकासी का सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है. पीड़िता बीना देवी ने नगर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि 14 मार्च को उनके भारतीय स्टेट बैंक यानी एसबीआई के खाते से बिना किसी अनुमति के बड़ी राशि काट ली गई.
हैरानी की बात यह है कि पीड़िता ने न तो किसी को अपना ओटीपी साझा किया और न ही बैंक से संबंधित कोई गोपनीय जानकारी किसी को दी थी. इस साइबर हमले के बाद से बीना देवी और उनका परिवार गहरे सदमे और मानसिक तनाव में है.
रेहान अली खान नामक व्यक्ति के खाते में गया पैसा
घटना की जानकारी मिलने के बाद जब परिजनों ने बैंक अधिकारियों से संपर्क किया, तो उन्होंने इसे सीधे तौर पर "साइबर ठगी" का मामला करार दिया. पीड़िता की बेटी लवली पटेल के अनुसार बैंक के रिकॉर्ड से पता चला है कि उनके खाते से निकाली गई राशि रेहान अली खान नामक व्यक्ति के खाते में स्थानांतरित हुई है.
बैंक प्रबंधन की सलाह पर अब पुलिस में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई गई है. नगर थाना पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तकनीकी सेल की मदद से जांच शुरू कर दी है और दोषियों के खिलाफ "उचित कानूनी कार्रवाई" का भरोसा दिलाया है.