Pakur News : झारखंड के पाकुड़ शहर के कित्ताझोर मोहल्ले में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। शराब के नशे में एक बेटे ने अपने ही पिता की कथित तौर पर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और सनसनी का माहौल है।जानकारी के अनुसार, आरोपी दिवाकर सरदार मंगलवार देर रात अपने 65 वर्षीय पिता अनूप सरदार के साथ घर में शराब पी रहा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर दिवाकर ने हसुआ से अपने पिता के सिर पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से अनूप सरदार की मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस, आरोपी गिरफ्तार
घटना की जानकारी मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी दिवाकर सरदार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
मृतक के परिवार में तीन संतान हैं, जिनमें दो बेटियों की शादी हो चुकी है। आरोपी दिवाकर परिवार का सबसे छोटा बेटा बताया जा रहा है। आरोपी के भी पांच बच्चे हैं।
पोती ने लगाया घरेलू हिंसा का आरोप
मृतक की पोती वर्षा सरदार ने बताया कि उसका पिता अक्सर शराब के नशे में घर में मारपीट करता था। उसने आरोप लगाया कि पहले भी वह अपनी पत्नी को जलाकर मारने की कोशिश कर चुका था। परिवार लंबे समय से घरेलू हिंसा और प्रताड़ना से परेशान था।
नगर थाना के एसआई अश्लोक कुमार पांडे के अनुसार, शुरुआती जांच में मामला आपसी विवाद में हुई हत्या का प्रतीत हो रहा है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।