Palamu: झारखंड के गुमला जिले में बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना हो गई। घटना गुमला-छत्तीसगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर सिलम बाईपास मोड़ के समीप हुई, जहां एक ट्रेलर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े पेड़ से टकरा गया। टक्कर के बाद वाहन में आग लग गई, जिससे चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
टक्कर के बाद लगी आग
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा रात करीब एक बजे हुआ। तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग अपने घरों से बाहर निकले तो देखा कि ट्रेलर में आग लगी हुई है। आग इतनी तेज थी कि वाहन की केबिन पूरी तरह उसकी चपेट में आ गई। बताया जा रहा है कि चालक उसी समय केबिन में फंसा हुआ था।
स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही गुमला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद चालक को बाहर निकाला। इसके बाद उसे सदर अस्पताल पहुंचाया गया।
अस्पताल में तोड़ा दम
अस्पताल में इलाज के दौरान चालक की मौत हो गई। फिलहाल मृतक की पहचान की प्रक्रिया जारी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
ट्रेलर में जेसीबी मशीन थी लदी
जानकारी के मुताबिक, ट्रेलर छत्तीसगढ़ की ओर जा रहा था और उसमें जेसीबी मशीन लदी हुई थी। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि वाहन चलाते समय चालक को झपकी आ गई होगी, जिसके कारण यह दुर्घटना हुई।
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के सटीक कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।