Palamu News: झारखंड के पलामू जिले में गुरुवार देर शाम एक भीषण सड़क हादसे में तीन युवकों की जान चली गई। घटना पाटन थाना क्षेत्र के गहर पथरा मोड़ के पास हुई, जहां तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने लूना मोपेड को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।
एक ही गांव के थे तीनों, गहरा था आपसी रिश्ता
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान सोले गांव निवासी फरोज अंसारी उर्फ बुटन, तोहिद अंसारी और इब्राहिज अंसारी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि फरोज और इब्राहिज एक ही गोतिया परिवार से थे, जबकि तोहिद उनका पड़ोसी था। तीनों के बीच गहरी दोस्ती थी और वे अक्सर एक साथ ही आते-जाते थे।
हादसे के बाद फरार हुआ चालक, पुलिस जांच में जुटी
पुलिस के अनुसार, स्कॉर्पियो की रफ्तार काफी तेज थी और टक्कर के बाद चालक व अन्य सवार मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही पाटन थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और दोनों वाहनों को जब्त कर लिया। मामले की जांच जारी है और फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।
बाजार से लौटते वक्त टूटा कहर, इलाज के दौरान तोड़ा दम
स्थानीय लोगों के मुताबिक, तीनों किशोर बाजार से लौट रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। घायलों को तुरंत एमएमसीएच (मेडिनीनगर मेडिकल कॉलेज अस्पताल) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने फरोज और तोहिद को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल इब्राहिज को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन कुछ देर बाद उसकी भी मौत हो गई, जिससे पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।