Palamu News: पलामू के रामगढ़ थाना क्षेत्र के काचन गांव के जंगल में मंगलवार को खुखड़ी चुनने के दौरान अचानक ब्लास्ट हो गया. घटना में 55 वर्षीय शनिचरवा राम गंभीर रूप से घायल हो गए. धमाका इतना तेज था कि उनका दायां हाथ बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. ग्रामीणों ने उन्हें इलाज के लिए MMCH पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में इलाज जारी है.
खुखड़ी चुनने जंगल गए थे शनिचरवा राम
जानकारी के मुताबिक, काचन गांव निवासी बुधन राम के पुत्र शनिचरवा राम जंगल में खुखड़ी चुनने गए थे. इसी दौरान अचानक तेज आवाज के साथ ब्लास्ट हो गया. घटना के बाद आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायल को अस्पताल ले गए.
ब्लास्ट में दायां हाथ हुआ क्षतिग्रस्त
धमाके की चपेट में आने से शनिचरवा राम के दाएं हाथ में गंभीर चोट आई है. उनकी हालत को देखते हुए ग्रामीण उन्हें तत्काल MMCH लेकर पहुंचे. फिलहाल चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार चल रहा है.
ब्लास्ट किस वजह से हुआ, जांच जारी
घटना के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई. अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि धमाका किस वस्तु के कारण हुआ. पुलिस घटनास्थल की जांच कर रही है.
पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि जंगल में पड़ा कोई विस्फोटक पदार्थ इस घटना की वजह बना या ब्लास्ट के पीछे कोई दूसरी वजह थी. जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारण का पता चल सकेगा.