Palamu News : जिले के लेस्लीगंज थाना क्षेत्र स्थित लोहरा गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। मृतका की पहचान आलोक रंजन की पत्नी चिंता देवी (29 वर्ष) के रूप में हुई है। महिला का शव ससुराल स्थित घर के अंदर फंदे से लटका मिला, जिसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई।मिली जानकारी के अनुसार, घटना के समय महिला का पति अपनी मां के साथ शादी समारोह में गया हुआ था। देर रात घर लौटने पर दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी देर तक आवाज देने के बाद भी जब कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली तो ग्रामीणों को बुलाया गया और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस की मौजूदगी में दरवाजा खोला गया, जहां महिला का शव फंदे से लटकता मिला।
हर एंगल से जांच में जुटी पुलिस, कब्जे में लिया शव
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस आत्महत्या और अन्य संभावित कारणों समेत सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। फिलहाल मौत के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है।
मायके पक्ष ने उठाए सवाल, गांव में शोक का माहौल
घटना के बाद मृतका के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। मायके पक्ष ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। वहीं पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। गांव में घटना के बाद शोक और चर्चा का माहौल है।