Potka News: जमशेदपुर के पोटका प्रखंड में 11 हजार से अधिक राशन कार्डधारियों के कार्ड रद्द करने की तैयारी शुरू हो गई है. केपीआई फेज-2 के तहत प्रशासन ने राशन कार्डधारियों की जांच प्रक्रिया तेज कर दी है. इस अभियान के तहत अयोग्य लाभुकों की पहचान कर उनके राशन कार्ड रद्द किए जाएंगे.
जानकारी के अनुसार पोटका प्रखंड में 120 डीलरों के माध्यम से करीब 45 हजार अंत्योदय, पीएच और ग्रीन राशन कार्डधारी हैं. इनमें से 11,227 लाभुकों की सूची जारी की गई है, जिन्हें प्रारंभिक जांच में अयोग्य पाया गया है.
इन लाभुकों में आयकर दाता, चार पहिया वाहन के मालिक, जीएसटी होल्डर और 5 एकड़ से अधिक सिंचित या असिंचित भूमि रखने वाले लोग शामिल हैं. प्रशासन ने विशेष रूप से 5 एकड़ से अधिक भूमि वाले मामलों की जांच के लिए पोटका अंचल अधिकारी को जिम्मेदारी सौंपी है.
जिला आपूर्ति पदाधिकारी जुल्फिकार अंसारी ने बताया कि अयोग्य लाभुकों की पहचान कर सूची तैयार की जा रही है. अब तक 603 ऐसे लाभुकों की सूची बनाई गई है, जो आयकर दाता, जीएसटी होल्डर या चार पहिया वाहन के स्वामी हैं. इन राशन कार्डधारियों के कार्ड रद्द करने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है.
डीएसओ ने स्पष्ट किया कि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से पूरी की जाएगी. इसके लिए डोर-टू-डोर जांच कर प्रत्येक लाभुक का सत्यापन किया जाएगा. जांच के बाद ही अयोग्य पाए जाने वाले लाभुकों का नाम सूची से हटाया जाएगा, जबकि योग्य लाभुकों का नाम किसी भी स्थिति में नहीं काटा जाएगा.
प्रशासन का कहना है कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य सरकारी योजनाओं का लाभ केवल वास्तविक जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाना है.