RR Vs GT Match Review: आईपीएल 2026 के 52वें मुकाबले में गुजरात टाइटंस ने राजस्थान रॉयल्स को 77 रनों से हराकर शानदार जीत दर्ज की। सवाई मानसिंह स्टेडियम में खेले गए इस मैच में गुजरात ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 229/4 का विशाल स्कोर बनाया, जबकि राजस्थान की पूरी टीम 17वें ओवर में 152 रन पर सिमट गई। यह आईपीएल इतिहास में गुजरात की रनों के लिहाज से सबसे बड़ी जीत रही।
गिल-सुदर्शन की तूफानी ओपनिंग
गुजरात को कप्तान शुभमन गिल और साई सुदर्शन ने धमाकेदार शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 118 रन जोड़े। सुदर्शन ने 36 गेंदों में 55 रन बनाए, जबकि गिल ने 44 गेंदों पर 84 रन की कप्तानी पारी खेली। आखिर में वॉशिंगटन सुंदर (37*) और राहुल तेवतिया (14*) ने तेजी से रन जोड़कर टीम को 229 तक पहुंचाया।
राजस्थान की बैटिंग फिर हुई फ्लॉप
230 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए राजस्थान की शुरुआत वैभव सूर्यवंशी ने तेज अंदाज में की और 16 गेंदों में 36 रन बनाए, लेकिन बाकी बल्लेबाज टिक नहीं सके। यशस्वी जायसवाल सिर्फ 3 रन पर आउट हुए, जबकि ध्रुव जुरेल ने 24 रन बनाए। रविंद्र जडेजा ने 38 रन की कोशिश जरूर की, लेकिन दूसरे छोर से उन्हें कोई बड़ा साथ नहीं मिला।
राशिद-होल्डर ने पलटा पूरा मैच
गुजरात की गेंदबाजी में राशिद खान ने 4 विकेट लेकर राजस्थान की कमर तोड़ दी। जेसन होल्डर ने भी सिर्फ 12 रन देकर 3 विकेट झटके। लगातार चौथी जीत के साथ गुजरात टाइटंस 11 मैचों में 14 अंकों के साथ पॉइंट्स टेबल में दूसरे स्थान पर पहुंच गई है, जबकि राजस्थान 12 पॉइंट्स के साथ टॉप-4 से बाहर होकर पांचवें नंबर पर खिसक गई।