Ramgarh News: रामगढ़ जिले के कुजू ओपी क्षेत्र अंतर्गत श्रीराम चौक के पास रांची-पटना मुख्य मार्ग पर सोमवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। रांची से हजारीबाग जा रही हेमकुंट बस ने सड़क किनारे खड़े एक ब्रेकडाउन ट्रक में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।
मोबाइल पर ध्यान भटकने से हुआ हादसा, बस ने खड़े ट्रक में मारी जोरदार टक्कर
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के समय बस चालक का ध्यान मोबाइल फोन की ओर चला गया, जिससे वह वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और बस सीधे खराब ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए।
डेढ़ दर्जन यात्री घायल, कई की हालत गंभीर
इस दुर्घटना में बस में सवार करीब डेढ़ दर्जन यात्री घायल हो गए, जिनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया।
पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, बस जब्त चालक फरार
सूचना मिलते ही कुजू और मांडू पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तत्काल अस्पताल भेजा गया। वहीं, क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त बस को हटाकर थाना परिसर ले जाया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार बस चालक की तलाश शुरू कर दी है।