Ramgaerh News : जिले में गैस आपूर्ति और वितरण व्यवस्था को लेकर समाहरणालय सभाकक्ष में समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता डीसी ऋतुराज ने की। बैठक में कमर्शियल गैस सिलेंडर की उपलब्धता, आपूर्ति और वितरण व्यवस्था की समीक्षा की गई। डीसी ने इंडियन ऑयल, एचपी समेत गैस एजेंसियों को स्पष्ट कहा कि गैस की कालाबाजारी और वितरण में किसी भी तरह की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
दो दिनों में गैस एजेंसियों के निरीक्षण का निर्देश
बैठक में डीसी ने अधिकारियों को जिले की सभी गैस एजेंसियों का दो दिनों के भीतर निरीक्षण कर रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया। लंबित गैस कनेक्शन आवेदनों के त्वरित निष्पादन और अस्पतालों, शैक्षणिक संस्थानों समेत जरूरतमंद संस्थानों को निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। वितरण प्रणाली में पारदर्शिता बनाए रखने और उपभोक्ताओं को परेशानी नहीं हो, इसके लिए एजेंसियों को सतर्क रहने को कहा गया।
अनियमितता पर होगी कड़ी कार्रवाई, निगरानी बढ़ेगी
डीसी ने कहा कि गैस आपूर्ति से जुड़ी किसी भी गड़बड़ी या कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने निगरानी बढ़ाने और आपूर्ति व्यवस्था को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए हैं, ताकि उपभोक्ताओं को समय पर गैस मिल सके और किसी तरह की अव्यवस्था न हो। इस फैसले के बाद जिले में गैस वितरण व्यवस्था पर प्रशासन की नजर और कड़ी हो गई है।