Ranchi Breaking: जेपीएल क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले के दौरान रांची के धुर्वा स्थित JSCA अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में मंगलवार शाम सुरक्षा व्यवस्था की पोल खुल गई। बड़ी संख्या में पहुंचे दर्शकों को संभालने में इंतजाम नाकाम रहे, जिसके बाद स्टेडियम के वेस्ट गेट के पास अफरा-तफरी मच गई। भगदड़ जैसी स्थिति में कई दर्शकों के घायल होने की सूचना है।
फाइनल मुकाबले को लेकर दर्शकों में भारी उत्साह था। दोपहर से ही क्रिकेट प्रेमी स्टेडियम पहुंचने लगे थे। शाम होते-होते वेस्ट गेट के बाहर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। प्रवेश के दौरान सुरक्षा जांच की धीमी रफ्तार के कारण गेट पर भीड़ लगातार बढ़ती चली गई।
बताया जा रहा है कि अंदर जाने की कोशिश में पीछे खड़ी भीड़ का दबाव बढ़ गया, जिसके बाद लोगों के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई। देखते ही देखते हालात बिगड़ गए और कई लोग गिर पड़े। मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह स्थिति को संभालने की कोशिश की।
घटना के बाद दर्शकों में नाराजगी फैल गई। भीड़ ने सुरक्षा इंतजामों पर सवाल उठाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। इस दौरान वेस्ट गेट पर लगी बैरिकेडिंग को नुकसान पहुंचाया गया और गेट के हिस्से में तोड़फोड़ की गई।
मामले की जानकारी मिलते ही सुरक्षा कर्मियों ने मोर्चा संभाला और स्टेडियम परिसर में अतिरिक्त बल तैनात किया गया। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है। वहीं, इतनी बड़ी भीड़ के बावजूद पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने को लेकर आयोजन प्रबंधन पर सवाल उठने लगे हैं।