Ranchi: रांची के लोअर बाजार थाना क्षेत्र में चोरी की घटना को अंजाम देने वाले दो युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को चोरी के मोबाइल फोन के साथ पकड़ा गया। बताया गया कि 13 मई 2026 को नाजीर अली लेन निवासी अमन के घर में अज्ञात चोर घुस गए थे और वहां से मोबाइल फोन तथा नकदी लेकर फरार हो गए थे। घटना के बाद लोअर बाजार थाना में मामला दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई थी।
सीसीटीवी जांच के दौरान मिला अहम सुराग
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी लव कुमार सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम बनाई गई। जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसी बीच पुलिस को सूचना मिली कि दो युवक चोरी के मोबाइल बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं।
छापेमारी कर दोनों आरोपियों को पकड़ा गया
मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए काली स्थान रोड निवासी 19 वर्षीय मो. अदनान अंसारी और चर्च रोड, नाजीर अली लेन निवासी 21 वर्षीय मो. अफसर को हिरासत में ले लिया। पूछताछ के दौरान दोनों ने चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। पुलिस ने उनके पास से चोरी के दो रेडमी मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।
एक आरोपी पर पहले से दर्ज हैं कई मामले
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी मो. अफसर का पूर्व से आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। उसके खिलाफ सदर थाना और लोअर बाजार थाना में चोरी, दंगा, सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने, धार्मिक भावना भड़काने और हत्या के प्रयास जैसे गंभीर मामलों में पहले भी प्राथमिकी दर्ज हो चुकी है। पुलिस ने बताया कि वह पूर्व में जेल भी जा चुका है।
आगे की कार्रवाई में जुटी पुलिस
लोअर बाजार थाना पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर मामले की आगे जांच कर रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि चोरी की अन्य घटनाओं में भी इनकी संलिप्तता रही है या नहीं।