Ranchi News: नीलांबर-पीतांबर विश्वविद्यालय (NPU) के कुलपति दिनेश कुमार ने अपने वित्तीय और प्रशासनिक अधिकार जब्त होने के बाद रजिस्ट्रार की नियुक्ति से संबंधित आदेश जारी किया है। जानकारी के अनुसार 9 सितंबर की रात करीब 9 बजे के बाद विश्वविद्यालय का कार्यालय खुलवाकर यह आदेश जारी किया गया।
विश्वविद्यालय में हुए स्पेशल ऑडिट के दौरान वित्तीय गड़बड़ी सामने आने के बाद राज्यपाल ने कुलपति के वित्तीय और प्रशासनिक अधिकार जब्त कर लिए थे। राज्यपाल सचिवालय के आदेश के तहत कुलपति को केवल सामान्य और रोजमर्रा के कार्य करने की अनुमति दी गई थी। किसी विशेष प्रशासनिक या वित्तीय कार्य के लिए उन्हें पहले राज्यपाल से अनुमति लेना जरूरी था।
प्रॉक्टर को प्रभारी रजिस्ट्रार बनाने का आदेश
इसके बावजूद कुलपति की ओर से प्रॉक्टर मृत्युंजय कुमार को प्रभारी रजिस्ट्रार नियुक्त करने का आदेश जारी किया गया। आदेश में वर्तमान रजिस्ट्रार नफीस अहमद को अपना प्रभार मृत्युंजय कुमार को सौंपने का निर्देश भी दिया गया है।
नफीस अहमद का इस्तीफा अभी स्वीकार नहीं
नफीस अहमद की नियुक्ति JPSC के माध्यम से रजिस्ट्रार के पद पर हुई थी। उन्होंने कुछ कारणों का हवाला देते हुए अपने पद से इस्तीफा दे दिया था, लेकिन अब तक उनका इस्तीफा स्वीकार नहीं किया गया है।
12 अगस्त को हुई सिंडिकेट की बैठक में नफीस अहमद का इस्तीफा रखा गया था। हालांकि, बैठक में इस पर कोई निर्णय नहीं हो सका। इस्तीफा स्वीकार करने और उन्हें पद से मुक्त करने का मामला अगली सिंडिकेट बैठक तक टाल दिया गया था। सिंडिकेट ने उन्हें अगले आदेश तक रजिस्ट्रार के पद पर कार्य करते रहने को कहा था।