Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-08-20

Ranchi News: आयुष्मान योजना की व्यवस्था समझने रांची पहुंची बिहार की टीम, सदर अस्पताल का किया दौरा

Ranchi News: बिहार राज्य स्वास्थ्य समिति की टीम ने गुरुवार को रांची सदर अस्पताल का दौरा किया। टीम ने अस्पताल में आयुष्मान योजना और राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के तहत संचालित स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली और विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया।


बिहार से आई टीम में NHM के अपर कार्यपालक निदेशक स्पर्श गुप्ता, विशेषज्ञ चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. कंचन कुमारी और क्षेत्रीय लेखा प्रबंधक प्रदीप कुमार सिंह शामिल रहे। अस्पताल पहुंचने पर टीम ने सिविल सर्जन डॉ. अमरेंद्र प्रसाद, उपाधीक्षक डॉ. बिमलेश सिंह, डॉ. अखिलेश झा, डॉ. रचित भूषण और आयुष्मान समन्वयक आशीष रंजन समेत अन्य चिकित्सकों और अधिकारियों से बातचीत की।




अस्पताल की व्यवस्थाओं और आयुष्मान सेवाओं को करीब से देखा

बिहार की टीम ने सदर अस्पताल के विभिन्न हिस्सों का भ्रमण किया और आयुष्मान योजना के तहत मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। टीम ने अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं, दवाओं, जरूरी संसाधनों और कर्मचारियों से जुड़ी व्यवस्थाओं को भी समझा।



अधिकारियों ने आयुष्मान योजना के तहत अस्पताल में किए जा रहे कार्यों की सराहना की। साथ ही यह जानकारी जुटाई कि रांची सदर अस्पताल की प्रभावी व्यवस्थाओं को बिहार के अस्पतालों में किस तरह लागू किया जा सकता है। इसके अलावा टीम ने NHM के तहत संचालित विभिन्न कार्यक्रमों और मरीजों को जमीनी स्तर पर मिल रही स्वास्थ्य सेवाओं के बारे में भी अधिकारियों और स्वास्थ्य कर्मियों से जानकारी ली।

स्वास्थ्य समिति के अनुसार, इस दौरे का उद्देश्य दोनों राज्यों के बीच स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े बेहतर अनुभव और कार्यप्रणालियों को साझा करना है। इससे स्वास्थ्य योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और उनकी निगरानी व्यवस्था को और मजबूत करने में मदद मिल सकती है।

WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !