Ranchi News: प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने चर्चित कोयला कारोबारी एलबी सिंह की पत्नी आरती सिंह को पूछताछ के लिए दोबारा समन जारी किया है। एजेंसी ने उन्हें 27 अगस्त को रांची स्थित अपने क्षेत्रीय कार्यालय में उपस्थित होने का निर्देश दिया है।
इससे पहले ED ने आरती सिंह को 20 अगस्त को पूछताछ के लिए बुलाया था। हालांकि, वह तय तारीख पर एजेंसी के सामने पेश नहीं हुईं और उन्होंने पूछताछ के लिए 10 दिनों का अतिरिक्त समय मांगा था। उनके अनुरोध पर विचार करने के बाद ED ने अब नई तारीख 27 अगस्त निर्धारित की है।
रंजीत सिंह भी ED के सामने नहीं पहुंचे
वहीं, एलबी सिंह के साले रंजीत सिंह को भी 24 अगस्त को पूछताछ के लिए ED कार्यालय में उपस्थित होना था। लेकिन वह निर्धारित तारीख पर एजेंसी के सामने पेश नहीं हुए। जानकारी के अनुसार, रंजीत सिंह ने पहले समन के बाद पूछताछ के लिए एक महीने का समय मांगा था, लेकिन ED ने उनकी मांग स्वीकार नहीं की थी और उन्हें 24 अगस्त को उपस्थित होने का निर्देश दिया था।
फिलहाल यह जानकारी सामने नहीं आई है कि रंजीत सिंह ने दोबारा ED से पूछताछ की तारीख बढ़ाने का अनुरोध किया है या नहीं। मामले में एजेंसी की आगे की कार्रवाई पर नजर बनी हुई है।