Ranchi: रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए रांची रेलवे स्टेशन से 18 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। जब्त किए गए गांजे की बाजार में अनुमानित कीमत करीब 9 लाख रुपये बताई जा रही है। यह कार्रवाई "ऑपरेशन नार्कोस" के तहत मंगलवार को की गई, जिसमें आरपीएफ पोस्ट रांची और फ्लाइंग स्क्वॉड की संयुक्त टीम शामिल थी।
संदिग्ध गतिविधि पर हुई कार्रवाई
सूत्रों के अनुसार, पोस्ट कमांडर के नेतृत्व में प्लेटफॉर्म और ट्रेनों में सघन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान ट्रेन संख्या 15027 एक्सप्रेस के रांची स्टेशन पहुंचने के बाद प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर दो यात्री संदिग्ध हालात में घूमते नजर आए। टीम ने तुरंत सतर्कता दिखाते हुए दोनों को रोककर पूछताछ शुरू की।
पूछताछ में उनकी पहचान रोहतास जिला निवासी राजू कुमार और छोटी कुमारी के रूप में हुई। दोनों के पास मौजूद बैग की तलाशी लेने पर चौंकाने वाला खुलासा हुआ।
बैग से निकले 18 पैकेट गांजा
तलाशी के दौरान राजू कुमार के बैग से 10 पैकेट और छोटी कुमारी के बैग से 8 पैकेट गांजा बरामद किया गया। मौके पर मौजूद जांच किट से पदार्थ की जांच की गई, जिसमें यह गांजा पाया गया। जब्त सामग्री का कुल वजन 18 किलोग्राम निकला।
दोनों आरोपी जब्त किए गए मादक पदार्थ से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद आरपीएफ ने गांजा के साथ-साथ उनके मोबाइल फोन और रेलवे टिकट भी जब्त कर लिए।
संबलपुर से सासाराम ले जाया जा रहा था माल
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे इस गांजे को संबलपुर से लाकर सासाराम पहुंचाने वाले थे। हालांकि, इस तस्करी नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं, इसकी जांच जारी है। आरपीएफ अधिकारियों का मानना है कि इस मामले में और भी कड़ियां सामने आ सकती हैं।
आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों आरोपियों को आगे की कार्रवाई के लिए जीआरपीए रांची के हवाले कर दिया गया है।
नशा तस्करी पर आरपीएफ की सख्ती जारी
रेलवे परिसर में नशीले पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए आरपीएफ लगातार अभियान चला रही है। अधिकारियों ने कहा कि भविष्य में भी इसी तरह सघन जांच अभियान जारी रहेगा, ताकि रेलवे मार्ग का इस्तेमाल कर अवैध कारोबार करने वालों पर लगाम लगाई जा सके।