Ranchi News: कोयला कारोबारी कुंभनाथ सिंह की पत्नी ज्या देवी को प्रवर्तन निदेशालय ने समन जारी किया है. उन्हें 11 सितंबर को सुबह 11 बजे तक रांची स्थित ED के क्षेत्रीय कार्यालय में उपस्थित होने को कहा गया है. एजेंसी उनसे संपत्ति और उससे जुड़े वित्तीय लेन-देन को लेकर पूछताछ करेगी.
ED की जांच के दौरान सामने आए दस्तावेजों में ज्या देवी के नाम पर चल और अचल संपत्तियों की जानकारी मिली है. इन संपत्तियों की खरीद में इस्तेमाल की गई रकम और उसके स्रोत को लेकर एजेंसी जानकारी जुटाना चाहती है. इसके लिए ज्या देवी को पूछताछ के दौरान संबंधित दस्तावेज पेश करने के निर्देश दिए गए हैं.
परिवार की संपत्तियों का ब्योरा भी मांगा
समन में ज्या देवी से उनकी और परिवार के अन्य सदस्यों की चल-अचल संपत्तियों का पूरा विवरण लाने को कहा गया है. ED जांच के दौरान सामने आए दस्तावेजों और निवेश से संबंधित जानकारी के आधार पर इन संपत्तियों की पड़ताल कर रही है.
कुंभनाथ सिंह चर्चित कोयला कारोबारी एलबी सिंह के भाई हैं. कोयला घोटाले की जांच के दूसरे चरण में हुई छापेमारी के दौरान मिले दस्तावेजों और निवेश से जुड़ी जानकारी को ED अपने जांच के दायरे में लेकर आगे बढ़ रही है.
160 करोड़ के म्यूचुअल फंड निवेश की भी जांच
जांच के दौरान करीब 160 करोड़ रुपये के म्यूचुअल फंड निवेश का भी पता चला था. ED ने इस निवेश को फ्रीज किया है. बताया जा रहा है कि निवेश की बड़ी रकम एलबी सिंह के परिवार और रिश्तेदारों के नाम पर है.
इस मामले में ED एलबी सिंह की पत्नी आरती सिंह, साले रंजीत कुमार सिंह और भाई विश्वविजय सिंह से पहले ही पूछताछ कर चुकी है. अब ज्या देवी को समन जारी होने के बाद एजेंसी ने जांच को आगे बढ़ाया है.