Ranchi: खलारी के करकट्टा इलाके में बंद पड़ी कोयला खदान में अवैध खनन के दौरान गुरुवार को बड़ा हादसा हो गया। खदान का एक हिस्सा अचानक धंस जाने से वहां काम कर रहे मजदूर मलबे में दब गए। हादसे में 42 वर्षीय रोहित तूरी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए।
बंद खदान में चल रहा था अवैध खनन
घटना सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (CCL) की बंद भूमिगत खदान में हुई। बताया जा रहा है कि आर्थिक तंगी और रोजगार की कमी के कारण कई ग्रामीण अपनी जान जोखिम में डालकर बंद खदानों से अवैध तरीके से कोयला निकालते हैं। गुरुवार को भी कुछ मजदूर सुरंग के भीतर उतरकर कोयला काट रहे थे, तभी खदान की चाल अचानक भरभराकर गिर गई और मजदूर उसकी चपेट में आ गए।
स्थानीय लोगों ने किया रेस्क्यू
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को मलबे से बाहर निकाला गया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों घायलों को बेहतर इलाज के लिए रांची स्थित राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (RIMS) रेफर किया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
अवैध खनन को लेकर लोगों में आक्रोश
घटना के बाद इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि खलारी और आसपास के क्षेत्रों में लंबे समय से अवैध कोयला खनन का कारोबार चल रहा है। बंद खदानों से लगातार कोयला निकाला जाता है, लेकिन प्रशासन और संबंधित विभाग इस पर प्रभावी कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि इससे पहले भी ऐसे कई हादसे हो चुके हैं, लेकिन अवैध खनन पर अब तक रोक नहीं लग पाई है।
मुआवजे और कार्रवाई की मांग
स्थानीय लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने, अवैध खनन पर सख्त कार्रवाई करने और मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग की है। फिलहाल पुलिस और संबंधित विभाग पूरे मामले की जांच में जुटे हुए हैं।