Ranchi News: रांची के तमाड़ थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो यानी NCB की टीम ने छापेमारी की. यह कार्रवाई रायडीह फ्लाईओवर के पास एक घर में की गई. NCB की पांच सदस्यीय टीम एसपी के नेतृत्व में मौके पर पहुंची थी. टीम ने पंकज गुप्ता के घर को घेरकर तलाशी शुरू की. बताया जा रहा है कि अधिकारी सादे कपड़ों में पहुंचे थे. कार्रवाई को पूरी तरह गोपनीय रखा गया था. आसपास के लोगों को भी काफी देर बाद इसकी जानकारी हुई.
घर में लगे डिजिटल लॉक की वजह से NCB की टीम को अंदर जाने में परेशानी हुई. लॉक खोलने में काफी समय लगा. जानकारी के अनुसार, टीम करीब ढाई घंटे तक घर में रही. इस दौरान घर के अलग-अलग हिस्सों की तलाशी ली गई.
तलाशी में नहीं मिला संदिग्ध सामान
सूत्रों के मुताबिक, तलाशी के दौरान घर से कोई संदिग्ध या आपत्तिजनक सामान नहीं मिला है. हालांकि, NCB ने पंकज गुप्ता को हिरासत में लिया है. उसे पूछताछ के लिए अपने साथ ले जाया गया है. एजेंसी उससे किस मामले में पूछताछ कर रही है, इसकी आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है.
स्थानीय स्तर पर इस कार्रवाई को मादक पदार्थों की तस्करी या किसी पुराने नेटवर्क से जोड़कर देखा जा रहा है. हालांकि, इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. NCB की ओर से फिलहाल कार्रवाई को लेकर कोई विस्तृत बयान जारी नहीं किया गया है. एजेंसी के आधिकारिक बयान के बाद ही स्पष्ट होगा कि कार्रवाई किस मामले में की गई है.