Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-03-13

Ranchi News: रांची में एलपीजी आपूर्ति को लेकर प्रशासन सख्त, कालाबाजारी पर कार्रवाई की चेतावनी

Ranchi: राजधानी रांची में हाल के दिनों में घरेलू एलपीजी सिलेंडर की उपलब्धता को लेकर सामने आई शिकायतों को देखते हुए जिला प्रशासन ने स्थिति की समीक्षा की है। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में देर शाम एक बैठक आयोजित की गई, जिसमें गैस आपूर्ति से जुड़े विभागों और तेल कंपनियों के प्रतिनिधियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

आपूर्ति व्यवस्था की हुई समीक्षा
बैठक में घरेलू गैस की आपूर्ति और वितरण प्रणाली की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान उप विकास आयुक्त सौरभ भुवनिया, सदर अनुमंडल पदाधिकारी कुमार रजत, अपर जिला दंडाधिकारी राजेश्वर नाथ आलोक, विशिष्ट अनुभाजन पदाधिकारी मोनी कुमारी, जिला आपूर्ति पदाधिकारी रामगोपाल पांडेय सहित विभिन्न तेल कंपनियों और विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने उपभोक्ताओं को हो रही समस्याओं को दूर करने और व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने पर चर्चा की।

कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी
उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि गैस सिलेंडर की कालाबाजारी, अवैध भंडारण या ब्लैक मार्केटिंग की किसी भी शिकायत पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे। किसी भी तरह की शिकायत मिलने पर प्रशासन तुरंत कार्रवाई करेगा। नागरिक ऐसी शिकायत अबुआ साथी हेल्पलाइन नंबर 9430328080 पर दर्ज करा सकते हैं।

आपात स्थिति में छोटे सिलेंडर की सुविधा
बैठक में बताया गया कि आपात स्थिति में उपभोक्ता पांच किलोग्राम वाले छोटे गैस सिलेंडर भी प्राप्त कर सकते हैं। ये सिलेंडर बाजार में उपलब्ध हैं और आधार कार्ड दिखाकर आसानी से लिए जा सकते हैं।

पाइपलाइन गैस कनेक्शन का विकल्प
जिन क्षेत्रों या अपार्टमेंट्स में पाइपलाइन गैस की सुविधा उपलब्ध है, वहां के लोग पीएनजी कनेक्शन भी ले सकते हैं। अधिकारियों के अनुसार रांची शहर में फिलहाल 24 हजार से अधिक घरों में पाइपलाइन गैस कनेक्शन दिया जा चुका है। इच्छुक उपभोक्ता टोल-फ्री नंबर 1800-123-121111 पर संपर्क कर कनेक्शन की प्रक्रिया शुरू कर सकते हैं।

उपभोक्ताओं से संयम बरतने की अपील
जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अनावश्यक घबराहट में अधिक गैस बुकिंग न करें। तेल कंपनियों के अनुसार घरेलू गैस की पर्याप्त आपूर्ति उपलब्ध है और स्थिति सामान्य है। प्रशासन ने सभी संबंधित एजेंसियों को निर्देश दिया है कि शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए और उपभोक्ताओं से बेहतर संवाद बनाए रखा जाए।

गैस बुकिंग के लिए जारी किए गए नंबर
कुछ गैस एजेंसियों ने उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए संपर्क नंबर भी जारी किए हैं

झलक इंडेन, डोरंडा
  • 6204801046
  • 6204801051

SK गैस सर्विस, बरियातु
  •  7033632177
  • 8809313177

वैष्णवी इंडियन गैस एजेंसी, धुर्वा
  •  9430329616

प्रशासन का कहना है कि इन प्रयासों से रांची में एलपीजी गैस की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था को बेहतर बनाया जाएगा, ताकि उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !