Ranchi News: मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) को बम से उड़ाने की धमकी मिलने की सूचना के बाद राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। बताया जा रहा है कि धमकी ई-मेल के जरिए भेजी गई। हालांकि, पुलिस अधिकारियों ने अभी इस मामले की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
धमकी की सूचना सामने आने के बाद रांची पुलिस के अलावा सुरक्षा एजेंसियां भी सक्रिय हो गईं। इससे पहले झारखंड विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी मिलने की जानकारी सामने आई थी। इसके बाद सचिवालय और मुख्यमंत्री कार्यालय परिसर की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरती गई।
बीडीडीएस टीम ने कई घंटे की जांच
सूचना के बाद झारखंड जगुआर की बीडीडीएस (Bomb Detection and Disposal Squad) टीम को सचिवालय परिसर में बुलाया गया। टीम ने सीएमओ और सचिवालय के अलग-अलग हिस्सों में करीब चार घंटे तक सघन तलाशी ली। जांच के दौरान किसी संदिग्ध या आपत्तिजनक वस्तु के मिलने की सूचना नहीं है। इसके बावजूद सुरक्षा के मद्देनजर पूरे परिसर में निगरानी बढ़ा दी गई है।
धमकी भेजने वाले तक पहुंचने में जुटी पुलिस
विधानसभा को धमकी मिलने के मामले में विधानसभा के एक पदाधिकारी की ओर से विधानसभा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। पुलिस अब धमकी भरे ई-मेल के स्रोत का पता लगाने के लिए तकनीकी जांच कर रही है। जांच एजेंसियां ई-मेल भेजने वाले व्यक्ति की पहचान करने के साथ यह भी पता लगाने में जुटी हैं कि धमकी कितनी गंभीर और वास्तविक है। सुरक्षा में तैनात जवानों को भी अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।