Ranchi News: फेडरेशन ऑफ झारखंड चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज (FJCCI) के वर्ष 2026-27 के चुनाव को लेकर मंगलवार को नामांकन की प्रक्रिया पूरी होने के साथ ही चुनावी मुकाबले की तस्वीर धीरे-धीरे स्पष्ट होने लगी है।
समिति के पास कुल 86 नामांकन पत्र दाखिल हुए हैं, जो अब तक के चुनावों में सबसे अधिक बताए जा रहे हैं। इनमें 77 ने कार्यकारिणी समिति के लिए, जबकि 9 प्रत्याशियों ने क्षेत्रीय उपाध्यक्ष पद के लिए नामांकन किया है।
नामांकन की प्रक्रिया खत्म होने के बाद शाम 4 बजे से चुनाव समिति ने पर्चों की जांच शुरू की। चुनाव समिति के को-चेयरमैन पवन शर्मा ने कहा कि बड़ी संख्या में कारोबारियों का चुनाव में उतरना FJCCI के प्रति व्यापार जगत की रुचि और भरोसे को दर्शाता है। नामांकन की संख्या अधिक होने से इस बार मुकाबला भी खासा प्रतिस्पर्धी रहने की संभावना है।
नामांकन पत्रों की जांच के दौरान चुनाव समिति ने दो उम्मीदवारों के पर्चे खारिज कर दिए। मोनिका अग्रवाल और शौर्य खंडेलवाल के कार्यकारिणी समिति के लिए दाखिल नामांकन को अमान्य घोषित किया गया।
चुनाव समिति के मुताबिक, चेंबर की सदस्यता सूची में दोनों उम्मीदवारों का प्रतिनिधित्व दर्ज नहीं मिला। इसी आधार पर उनके नामांकन को स्वीकार नहीं किया गया।
वहीं, छह उम्मीदवारों के दस्तावेजों से संबंधित प्रक्रिया खबर लिखे जाने तक पूरी नहीं हुई थी। इन प्रत्याशियों को नाम वापसी की अंतिम तिथि तक अपना DIN नंबर जमा करने का मौका दिया गया है। निर्धारित समय में जरूरी दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराने पर चुनाव समिति नियमों के अनुसार उनकी उम्मीदवारी पर निर्णय लेगी।
3 सितंबर को जारी होगी उम्मीदवारों की अंतिम सूची
अब चुनावी प्रक्रिया में अगला अहम पड़ाव 3 सितंबर है। नाम वापसी की समय-सीमा खत्म होने के बाद चुनाव समिति इसी दिन अंतिम प्रत्याशी सूची जारी करेगी।
इसके बाद कार्यकारिणी समिति और क्षेत्रीय उपाध्यक्ष पद के लिए चुनाव मैदान में कितने उम्मीदवार रहेंगे, यह पूरी तरह स्पष्ट हो जाएगा। रिकॉर्ड नामांकन के कारण इस बार FJCCI चुनाव में व्यापारिक संगठनों के बीच मुकाबला और भी रोचक होने की उम्मीद है।