Ranchi News : झारखंड सरकार ने गंभीर बीमारियों के इलाज और कैंसर की जांच से जुड़ी स्वास्थ्य योजनाओं के लिए राज्य के 8 जिलों को 16 करोड़ रुपये की अतिरिक्त राशि जारी की है. यह राशि वित्तीय वर्ष 2026-27 में खर्च की जाएगी. स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने इस संबंध में आदेश जारी किया है.
तीन प्रमुख स्वास्थ्य योजनाओं पर खर्च होगी राशि
सरकार की ओर से जारी राशि का इस्तेमाल मुख्यमंत्री गंभीर बीमारी उपचार योजना, मुख्यमंत्री निःशुल्क डायग्नोस्टिक एवं रेडियोलॉजी जांच योजना और मुख्यमंत्री निःशुल्क सर्वाइकल कैंसर एवं ब्रेस्ट कैंसर स्क्रीनिंग योजना के तहत किया जाएगा. इससे गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों को आर्थिक सहायता के साथ जरूरी जांच की सुविधा उपलब्ध कराने पर जोर रहेगा.
गिरिडीह और जामताड़ा को 3-3 करोड़
जिलों की जरूरत के आधार पर राशि का आवंटन किया गया है. गिरिडीह और जामताड़ा को 3-3 करोड़ रुपये दिए गए हैं. वहीं रांची, धनबाद और चतरा को 2-2 करोड़ रुपये मिले हैं.
पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां को 1.50-1.50 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं, जबकि साहिबगंज के लिए 1 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं. मुख्यमंत्री गंभीर बीमारी उपचार योजना के तहत आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को इलाज के लिए सहायता दी जाएगी. योजना का लाभ ऐसे लोगों को मिलेगा, जिनकी पिछले तीन वर्षों की लगातार वार्षिक आय 8 लाख रुपये से कम है.
मुफ्त कैंसर स्क्रीनिंग और जांच पर जोर
जारी राशि से सर्वाइकल कैंसर और ब्रेस्ट कैंसर की मुफ्त स्क्रीनिंग को बढ़ावा दिया जाएगा. इसके अलावा मरीजों को मुफ्त डायग्नोस्टिक और रेडियोलॉजी जांच की सुविधा भी उपलब्ध कराने का प्रावधान है. स्वास्थ्य विभाग ने संबंधित जिलों के सिविल सर्जन को राशि की निकासी और खर्च की जिम्मेदारी दी है. विभाग ने निर्देश दिया है कि राशि का इस्तेमाल निर्धारित योजनाओं और उद्देश्यों के तहत ही किया जाए. सभी जिलों को खर्च की गई राशि का उपयोगिता प्रमाण-पत्र हर महीने की 7 तारीख तक विभाग की बजट शाखा में जमा करना होगा. सरकार ने राशि के इस्तेमाल की निगरानी और खर्च का पूरा हिसाब रखने के निर्देश दिए हैं.