Ranchi News : मोहर्रम पर्व के दौरान राज्य में कानून-व्यवस्था को लेकर झारखंड पुलिस मुख्यालय ने पासआउट पुलिसकर्मियों के प्रशिक्षण कार्यक्रम में बदलाव किया है। अब जिन जवानों को 21 और 22 जून से प्रशिक्षण में शामिल होना था, वे 1 जुलाई 2026 से प्रशिक्षण केंद्र में योगदान देंगे।
मोहर्रम के मद्देनजर लिया गया फैसला
पुलिस मुख्यालय के अनुसार, राज्य में मोहर्रम के दौरान पर्याप्त पुलिस बल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए यह निर्णय लिया गया है। पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और शांति बनाए रखना विभाग की प्राथमिकता है, इसलिए प्रशिक्षण कार्यक्रम को फिलहाल स्थगित कर दिया गया है।
8 सप्ताह का होगा अधिछादन प्रशिक्षण, मुख्यालय ने जारी किए निर्देश
इन पुलिसकर्मियों को झारखंड सशस्त्र पुलिस प्रशिक्षण केंद्र, पदमा में आठ सप्ताह के अधिछादन (ओरिएंटेशन) प्रशिक्षण के लिए भेजा जाना था। संशोधित कार्यक्रम के अनुसार अब सभी संबंधित जवान 1 जुलाई 2026 से प्रशिक्षण में शामिल होंगे। झारखंड पुलिस मुख्यालय ने सभी संबंधित इकाइयों को संशोधित प्रशिक्षण कार्यक्रम का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही कहा गया है कि मोहर्रम ड्यूटी पूरी होने के बाद निर्धारित तिथि से प्रशिक्षण शुरू कराया जाएगा, ताकि सुरक्षा व्यवस्था और प्रशिक्षण दोनों प्रभावित न हों।