Ranchi News : राजधानी के रातू थाना क्षेत्र में रिंग रोड पर स्कूटी सवार युवक के साथ पीछा कर मारपीट करने का मामला सामने आया है। हमले में युवक के सिर पर गंभीर चोट लगी है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने एक नामजद और अन्य अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गाली-गलौज के बाद शुरू किया पीछा
पुलिस को दिए बयान में झिरी निवासी संजीत गाड़ी ने बताया कि वह स्कूटी से रिंग रोड होते हुए तिलता की ओर जा रहे थे। इसी दौरान कुछ युवकों ने उन्हें रोकने का प्रयास किया और गाली-गलौज करने लगे। विवाद से बचने के लिए वह वहां से आगे निकल गए।
तिलता चौक के पास हमला, सिर पर गंभीर चोट, चार टांके लगे
पीड़ित के अनुसार आरोपी उनका लगातार पीछा करते रहे। तिलता चौक के पास अचानक उनकी स्कूटी फिसल गई। इसी का फायदा उठाते हुए तीन युवकों ने उन पर हमला कर दिया और जमकर मारपीट की।
मारपीट के दौरान संजीत गाड़ी के सिर पर गंभीर चोट लगी। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने सिर पर चार टांके लगाए। घटना के बाद पीड़ित ने रातू थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। जांच के दौरान एक आरोपी की पहचान अमन सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने अमन सिंह समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और अन्य आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है।