Ranchi News : झारखंड में स्वास्थ्य सेवाओं को आधुनिक और मजबूत बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने कहा है कि राज्य में रिम्स-2 के नाम से एशिया का सबसे बड़ा अस्पताल बनाया जाएगा। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के पहले चरण के लिए एशियन डेवलपमेंट बैंक (ADB) ने 2600 करोड़ रुपये के लोन को मंजूरी दे दी है। स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि रिम्स-2 अत्याधुनिक तकनीक और विश्वस्तरीय सुविधाओं से लैस होगा। यहां कैंसर, हार्ट, किडनी और लीवर जैसी गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए अलग-अलग स्पेशल सेंटर विकसित किए जाएंगे।
तीन साल में निर्माण पूरा करने का लक्ष्य
इरफान अंसारी ने कहा कि सरकार जल्द ही इस परियोजना को कैबिनेट में पेश करेगी। मंजूरी मिलने के बाद तीन वर्षों के भीतर अस्पताल निर्माण का काम पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि सरकार चाहती है कि झारखंड मेडिकल टूरिज्म के क्षेत्र में नई पहचान बनाए और लोगों को बेहतर इलाज के लिए दूसरे राज्यों का रुख न करना पड़े।
रोजगार के भी खुलेंगे नए अवसर, विपक्ष से राजनीति नहीं करने की अपील
स्वास्थ्य मंत्री के अनुसार रिम्स-2 बनने से राज्य में रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। अस्पताल और उसके आसपास करीब 2000 स्थानीय लोगों को रोजगार देने की योजना बनाई गई है।
उन्होंने कहा कि यह परियोजना न सिर्फ स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करेगी बल्कि राज्य की अर्थव्यवस्था और रोजगार के क्षेत्र में भी सकारात्मक असर डालेगी। इरफान अंसारी ने विपक्ष से स्वास्थ्य और शिक्षा जैसे मुद्दों पर राजनीति नहीं करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य राज्य के लोगों को बेहतर, आधुनिक और सस्ती स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है।