Ranchi News : राजधानी रांची के सदर थाना क्षेत्र से लापता 18 महीने की बच्ची अदिति पांडे का 47 दिन बाद भी कोई सुराग नहीं मिल पाया है। बच्ची की बरामदगी नहीं होने से चिंतित परिजन सोमवार को मुख्यमंत्री से मिलने के लिए मुख्यमंत्री आवास की ओर रवाना हुए, लेकिन रास्ते में गोंदा थाना पुलिस ने उन्हें रोक लिया।
मुख्यमंत्री के नाम सौंपा आवेदन
मुख्यमंत्री से मुलाकात नहीं हो पाने पर परिजनों ने उनके नाम एक आवेदन पुलिस अधिकारियों को सौंपा। आवेदन में बच्ची की जल्द से जल्द बरामदगी सुनिश्चित करने और मामले की जांच में तेजी लाने की मांग की गई है।
पुलिस बोली- जांच जारी, जल्द मुलाकात कराने का प्रयास
गोंदा डीएसपी संजीव मिश्रा ने बताया कि परिजन मुख्यमंत्री से मिलना चाहते थे। उनका आवेदन सचिवालय भेज दिया गया है और जल्द से जल्द मुख्यमंत्री से उनकी मुलाकात कराने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस इस मामले की लगातार जांच कर रही है, लेकिन अभी तक बच्ची के संबंध में कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा है। मामले की उच्चस्तरीय जांच जारी है।
परिजनों ने जताई नाराजगी, न्याय की उम्मीद में परिवार
अदिति के पिता ने कहा कि बच्ची के लापता हुए 47 दिन बीत चुके हैं, लेकिन अब तक पुलिस उसे खोजने में सफल नहीं हो सकी है। उन्होंने बताया कि परिवार पहले भी कई बार धरना-प्रदर्शन और गुहार लगा चुका है, लेकिन कोई ठोस परिणाम नहीं निकला। इसी वजह से वे अपनी बात सीधे मुख्यमंत्री तक पहुंचाना चाहते थे। परिजनों ने उम्मीद जताई है कि मुख्यमंत्री उनकी पीड़ा को समझेंगे और मामले में आवश्यक निर्देश देंगे, ताकि अदिति की जल्द बरामदगी हो सके। उन्होंने कहा कि यदि इस बार मुलाकात नहीं हो पाती है, तो वे दोबारा मुख्यमंत्री से मिलने का प्रयास करेंगे।