Sahibganj News: एनटीपीसी ललमटिया एमजीआर क्षेत्र में कोयला लदे रैक से अवैध रूप से कोयला निकालने की कोशिश कर रहे ग्रामीणों और सुरक्षाबलों के बीच हिंसक झड़प हो गई. सूचना मिली थी कि कुछ ग्रामीण रैक को रोककर कोयला निकालने का प्रयास कर रहे हैं, जिसे रोकने के लिए जब सीआरपीएफ के जवान मौके पर पहुंचे तो स्थिति बिगड़ गई. देखते ही देखते ग्रामीणों ने सुरक्षाबलों पर पथराव शुरू कर दिया, जिसमें ड्यूटी पर तैनात दो जवान, रोशन कुमार और मिथुन दास घायल हो गए. हमले के बाद सुरक्षाबलों ने कड़ा रुख अपनाते हुए स्थिति को काबू में किया, जिसके बाद हमलावर मौके से फरार हो गए.
11 नामजद समेत 36 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
इस घटना को लेकर सीआरपीएफ जवान सेवा सिंह के लिखित आवेदन पर स्थानीय थाने में मामला दर्ज किया गया है. पुलिस ने 11 नामजद और 20 से 25 अज्ञात ग्रामीणों को आरोपी बनाया है. थाना प्रभारी पवन कुमार ने प्राथमिकी की पुष्टि करते हुए बताया कि सरकारी कार्य में बाधा डालने और सुरक्षाबलों पर हमला करने के मामले में कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है. घटना के बाद से क्षेत्र में तनाव का माहौल है, जिसे देखते हुए अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है. पुलिस फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है. बताया जा रहा है कि एनटीपीसी की संपत्ति और सुरक्षाबलों की सुरक्षा के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा.