Saranda Jungle News: सारंडा के जंगलों में लंबे समय से चल रहे अवैध महुआ शराब कारोबार पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. नशा मुक्त अभियान के तहत किरीबुरू पुलिस ने टाटिबा गांव के पास जंगल और पहाड़ी क्षेत्र में छापेमारी कर 2 से 3 अवैध शराब भट्ठियों को ध्वस्त कर दिया. मौके पर शराब बनाने में इस्तेमाल हो रहे कच्चे माल और उपकरणों को भी नष्ट कर दिया गया.
गुप्त सूचना के बाद जंगल में पहुंची पुलिस टीम
पुलिस को जानकारी मिली थी कि टाटिबा के आसपास जंगलों में अवैध रूप से महुआ शराब तैयार की जा रही है. सूचना मिलते ही थाना प्रभारी रोहित कुमार के नेतृत्व में टीम ने इलाके में अभियान चलाया. छापेमारी के दौरान कई प्लास्टिक ड्रमों में महुआ का घोल रखा मिला, जिससे शराब तैयार की जा रही थी. पुलिस ने पूरे कच्चे माल को नष्ट कर दिया. इसके साथ ही ड्रम, बर्तन, चूल्हे और अन्य सामान भी तोड़ दिए गए.
कारोबारी भागे, पहचान कर तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस की कार्रवाई की भनक लगते ही मौके पर मौजूद लोग जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गए. हालांकि पुलिस का कहना है कि उनकी पहचान कर ली गई है और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. इस कार्रवाई के बाद इलाके में सक्रिय शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है. स्थानीय लोगों के अनुसार इस कार्रवाई से अवैध कारोबार करने वालों को बड़ा आर्थिक नुकसान हुआ है.
लकड़ियों का जखीरा भी मिला, ग्रामीणों ने की कार्रवाई की सराहना
छापेमारी के दौरान भट्ठियों के पास बड़ी मात्रा में लकड़ियां भी मिलीं, जिनका इस्तेमाल शराब बनाने में किया जा रहा था. ये लकड़ियां जंगल से काटकर लाई गई थीं. पुलिस ने उन्हें भी नष्ट कर दिया. ग्रामीणों का कहना है कि अवैध शराब के कारण युवा नशे की गिरफ्त में जा रहे थे और गांव का माहौल खराब हो रहा था. पुलिस अधिकारियों ने कहा कि अवैध शराब निर्माण कानून के साथ साथ पर्यावरण के लिए भी खतरा है. नशा मुक्त अभियान के तहत ऐसे ठिकानों पर आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी.