Seraikela Crime News: सरायकेला में वर्ष 2023 में टेंटोपोसी गांव में हुए चर्चित सहदेव महतो हत्याकांड में पुलिस ने फरार चौथे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है. चांडिल क्षेत्र से पकड़े गए आरोपी अशोक लायक को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. इसके साथ ही इस मामले के सभी आरोपी अब जेल पहुंच चुके हैं.
थाना प्रभारी विनय कुमार ने बताया कि
इस हत्या की साजिश मृतक की पत्नी सुलेखा महतो ने अपने प्रेमी जैसन कुंभकार के साथ मिलकर रची थी. पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों के अवैध संबंधों में सहदेव महतो बाधा बन रहे थे, इसलिए उन्हें रास्ते से हटाने की योजना बनाई गई.
जैसन कुंभकार ने इस साजिश में अपने सहयोगी अशोक लायक और मेघनाथ मुखी को भी शामिल किया. चारों ने मिलकर पूर्व नियोजित तरीके से सहदेव महतो की हत्या को अंजाम दिया. पुलिस के अनुसार पूरी वारदात पहले से तय योजना के तहत की गई थी.
इस मामले में सुलेखा महतो, जैसन कुंभकार और मेघनाथ मुखी को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका था. वहीं अशोक लायक लंबे समय से फरार चल रहा था, जिसकी तलाश लगातार जारी थी. अब उसकी गिरफ्तारी के बाद पूरे हत्याकांड का खुलासा पूरी तरह हो गया है.
मामले के अनुसंधानकर्ता सब इंस्पेक्टर सुभाष शर्मा रहे. पुलिस का कहना है कि चौथे आरोपी की गिरफ्तारी से केस और मजबूत हुआ है तथा जल्द ही अदालत में इसे प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया जाएगा.