Seraikela: चांडिल अनुमंडल के कपाली ओपी क्षेत्र में मंगलवार सुबह सनसनीखेज मामला सामने आया। फॉरेस्ट इलाके के बाबन बीघा में एक अज्ञात व्यक्ति का जला हुआ शव मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। शव इतनी बुरी तरह जला हुआ था कि उसकी पहचान नहीं हो सकी है।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत कपाली ओपी पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
हत्या के बाद शव जलाने की आशंका
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शव का अधिकांश हिस्सा जला हुआ था। प्रारंभिक आशंका जताई जा रही है कि युवक की हत्या के बाद उसकी पहचान मिटाने के उद्देश्य से शव को आग के हवाले किया गया। हालांकि पुलिस फिलहाल किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है और हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। साथ ही इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं, ताकि घटना से जुड़ा कोई सुराग मिल सके। मृतक की पहचान कराने का प्रयास जारी है।
गुमशुदगी के मामले से जोड़कर भी जांच
बताया जा रहा है कि बीते सोमवार को कपाली ओपी में एक 35 वर्षीय व्यक्ति की गुमशुदगी का मामला दर्ज किया गया था। पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि कहीं बरामद शव उसी व्यक्ति का तो नहीं है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से जल्द मामले का खुलासा करने और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की है।