Seraikela News: सरायकेला-खरसावां जिले में भीषण गर्मी को देखते हुए प्रशासन ने पेयजल संकट से निपटने के लिए पुख्ता इंतजाम किए हैं. पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल ने ग्रामीण इलाकों में पानी की समस्या के त्वरित समाधान के लिए एक विशेष कंट्रोल रूम स्थापित किया है. अब जिले के नागरिक चापाकल खराब होने या जलापूर्ति बाधित होने की शिकायत सीधे विभाग से कर सकेंगे, जिससे समय रहते मरम्मत का काम पूरा किया जा सके.
नोडल अधिकारी और हेल्पलाइन नंबर जारी
प्रशासन की ओर से जारी आदेश के अनुसार, कंट्रोल रूम कार्य दिवसों में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक काम करेगा. नागरिकों की मदद के लिए तीन नोडल अधिकारियों, मंगल सिंह बाहन्दा (8674928011), राजू तिग्गा (7209358672) और सोमू तिग्गा (9693211286) के नंबर सार्वजनिक किए गए हैं. इसके साथ ही, पूरे सिस्टम की निगरानी के लिए सहायक अभियंता मोंगीलाल गिलुवा (7091123335) को समन्वय की जिम्मेदारी सौंपी गई है.
प्रखंड स्तर पर भी तैनात किए गए अभियंता
जिले के हर कोने तक मदद पहुंचाने के लिए प्रशासन ने प्रखंडवार कनीय अभियंताओं को भी अलर्ट पर रखा है. सरायकेला, गम्हरिया, राजनगर, खरसावां, कुचाई, चांडिल, ईचागढ़ और नीमडीह के लिए अलग-अलग अधिकारियों के नाम जारी किए गए हैं. लोग अपने संबंधित प्रखंड के अधिकारियों से सीधे संपर्क कर अपनी समस्या बता सकते हैं. सरकार का लक्ष्य है कि किसी भी गांव में पानी के लिए हाहाकार न मचे.
ईमेल और टोल फ्री नंबर से भी दर्ज होगी शिकायत
डिजिटल सुविधा का लाभ उठाने वाले लोगों के लिए विभाग ने टोल फ्री नंबर 1800-3456-502 और आधिकारिक ईमेल आईडी callcentredwsd.jharkhand@gmail.com एवं eedwsd.saraikela@gmail.com भी जारी की है. विभाग ने आम जनता से अपील की है कि वे खराब चापाकलों या जलापूर्ति योजनाओं में आ रही बाधा की जानकारी तुरंत साझा करें. इस पहल का मुख्य उद्देश्य संसाधनों की समय पर मरम्मत सुनिश्चित करना है ताकि गर्मियों में जिले की जनता को बूंद-बूंद पानी के लिए तरसना न पड़े.