Seraikela: सरायकेला-खरसावां जिले के तिरुलडीह थाना क्षेत्र में बच्चा चोरी की फैल रही अफवाहों को लेकर पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए जागरूकता अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर यह अभियान शुक्रवार को चलाया गया, जिसमें निधि द्विवेदी के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने तिरुलडीह बाजार, कुकरू चौक समेत कई प्रमुख स्थानों पर लोगों को जागरूक किया। इस दौरान बैनर और पोस्टर के माध्यम से भी लोगों तक संदेश पहुंचाया गया, ताकि अफवाहों को समय रहते रोका जा सके।
अफवाहों से दूर रहने की अपील
अभियान के दौरान थाना प्रभारी कौशल कुमार ने लोगों से सीधे संवाद करते हुए अपील की कि बच्चा चोरी जैसी किसी भी अफवाह पर विश्वास न करें और न ही बिना पुष्टि के ऐसी बातों को फैलाएं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तुरंत नजदीकी थाना या पुलिस को दें, ताकि समय पर उचित कार्रवाई की जा सके।
कानून हाथ में लेने पर होगी कार्रवाई
पुलिस ने यह भी साफ किया कि अफवाह फैलाना और उसके आधार पर किसी के साथ मारपीट करना गंभीर कानूनी अपराध है। ऐसे मामलों में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही लोगों से यह भी कहा गया कि वे सोशल मीडिया पर फैल रही भ्रामक और अपुष्ट खबरों से सावधान रहें और जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाएं।