Seraikela: मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से सरायकेला पुलिस ने गुरुवार शाम शहर में फ्लैग मार्च निकाला। डीएसपी हेडक्वार्टर के नेतृत्व में आयोजित इस फ्लैग मार्च में सरायकेला थाना प्रभारी विनय कुमार सिंह समेत बड़ी संख्या में पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल हुए। फ्लैग मार्च सरायकेला थाना परिसर से शुरू होकर मुख्य सड़क, कालूराम चौक, पुराने बस स्टैंड, दुर्गा मंदिर, पटनायक टोला और गेराज चौक होते हुए पुनः थाना पहुंचकर संपन्न हुआ। इस दौरान पुलिस बल ने शहर के विभिन्न संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पैदल मार्च कर लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया।
शांति और भाईचारे का दिया संदेश
फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय लोगों से संवाद करते हुए मोहर्रम पर्व को आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की। साथ ही लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और सामाजिक समरसता बनाए रखने का आग्रह किया गया। पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने बताया कि मोहर्रम के मद्देनजर जिले के सभी थाना क्षेत्रों में फ्लैग मार्च निकाला जा रहा है। पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है। उन्होंने आम लोगों से अपील की कि किसी भी तरह की भ्रामक सूचना या अफवाह पर विश्वास न करें और कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन सतर्क
मोहर्रम के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिले भर में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है ताकि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना न हो और लोग सुरक्षित वातावरण में त्योहार मना सकें।