Seraikela News: सरायकेला जिले में आधार पंजीकरण और अद्यतन कार्य को गति देने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा. इस संबंध में शुक्रवार को उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी नीतिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिला स्तरीय आधार निगरानी समिति की बैठक आयोजित हुई.
बैठक में आधार नामांकन और अपडेट की प्रगति की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने निर्देश दिया कि छूटे हुए लाभुकों को जोड़ने के लिए विभिन्न क्षेत्रों में विशेष शिविर लगाए जाएं. उन्होंने स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों के आधार पंजीकरण और अद्यतन के लिए विशेष अभियान चलाने पर भी जोर दिया.
उपायुक्त ने आधार आधारित बायोमेट्रिक उपस्थिति प्रणाली को सख्ती से लागू करने का निर्देश देते हुए सभी विभागों में अद्यतन L1 डिवाइस लगाने को कहा. साथ ही उपस्थिति प्रणाली को प्रभावी बनाने पर बल दिया गया.
बैठक में जानकारी दी गई कि वर्तमान में जिले के 16 बैंकों में आधार पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध है. उपायुक्त ने आम लोगों की सुविधा के लिए अधिक बैंक शाखाओं में यह व्यवस्था शुरू करने के निर्देश दिए. जिन आंगनबाड़ी केंद्रों में आधार किट उपलब्ध है, वहां तत्काल पंजीकरण कार्य शुरू करने को कहा गया.
इसके अलावा 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने और सत्यापन के बाद समय पर सूचना देने का निर्देश भी दिया गया.
उपायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को आधार से जुड़े कार्यों में तेजी लाने और आम नागरिकों को सरल एवं सुलभ सेवा उपलब्ध कराने की बात कही. बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी और संबंधित प्रतिनिधि उपस्थित रहे.