Seraikela News : कपाली ओपी क्षेत्र में हुई जानलेवा फायरिंग की घटना का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी मोहम्मद जाहिद अंसारी उर्फ गोल्डन को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त देसी पिस्टल भी बरामद की गई है। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गीयारी ने बताया कि बीते दिन कपाली ओपी क्षेत्र में आरोपी ने शेख नूर मोहम्मद उर्फ बाबू भाई उर्फ काना पर जान मारने की नीयत से फायरिंग की थी। गोली उनके पैर को छूते हुए निकल गई, जिससे वह घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल भेजा गया। घटनास्थल से एक जिंदा कारतूस और एक खोखा भी बरामद किया गया था।
ठिकाना बदलकर बच रहा था आरोपी, घर पहुंचते ही पुलिस ने दबोचा
घटना के बाद आरोपी लगातार अपना ठिकाना बदल रहा था और गिरफ्तारी से बचने की कोशिश कर रहा था। तकनीकी निगरानी और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी देर रात कपड़े लेने अपने घर आ सकता है। इसके बाद कपाली ओपी प्रभारी अविनाश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने उसके घर के बाहर घेराबंदी कर दी। देर रात घर पहुंचते ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल की गई देसी पिस्टल बरामद की गई। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है और वह पूर्व में छह मामलों में जेल जा चुका है। पुलिस उसके आपराधिक नेटवर्क और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। इस कार्रवाई में कपाली ओपी प्रभारी अविनाश कुमार, सब इंस्पेक्टर रंजीत कुमार सिंह, सब इंस्पेक्टर हीरालाल मुंडू तथा टाइगर जवान विपुल कुमार तिवारी शामिल थे।
पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गीयारी ने कहा कि कपाली गोलीकांड के मुख्य आरोपी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया गया है और घटना में प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि जिले में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी अपराधी के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।