Seraikela: सरायकेला-खरसावां जिले के राजबांध हनुमान मंदिर के पास शनिवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से 14 वर्षीय अमन अंसारी की मौके पर ही मौत हो गई. हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई. आक्रोशित लोगों ने बाइक सवार को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी.
भाई की दुकान पर आया था अमन
जानकारी के अनुसार, कमालपुर गांव निवासी अमन अंसारी अपने बड़े भाई परवेज से मिलने राजबांध आया था. परवेज की वहां वेल्डिंग की दुकान है. इसी दौरान अमन मुख्य सड़क पार कर रहा था. तभी तेज रफ्तार बाइक ने उसे सामने से जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर के बाद बाइक सामने से आ रही मैक्सिमो यात्री गाड़ी से भी जा भिड़ी.
भाग रहे बाइक सवार को लोगों ने पकड़ा
हादसे के बाद बाइक सवार मौके से भागने की कोशिश करने लगा. लेकिन वहां मौजूद लोगों ने उसे पकड़ लिया और उसकी पिटाई शुरू कर दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने बाइक सवार को अपने कब्जे में ले लिया और स्थिति को संभाला.
किशोर की मौत के बाद सड़क जाम
अमन की मौत से आक्रोशित लोगों ने मुख्य सड़क को जाम कर दिया. सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई.
पुलिस मौके पर मौजूद है. लोगों को समझाने के साथ ही यातायात सामान्य कराने का प्रयास किया जा रहा है.