Shravani Mela 2026 : श्रावणी मेला 2026 की तैयारियों को गति देते हुए झारखंड सरकार ने देवघर और बासुकीनाथ में नागरिक सुविधाओं के विकास के लिए 6 करोड़ रुपये जारी किए हैं। इस राशि का उपयोग श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के लिए बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने में किया जाएगा।
देवघर को 5 करोड़, बासुकीनाथ को 1 करोड़ रुपये
सरकार ने देवघर नगर निगम को 5 करोड़ रुपये और बासुकीनाथ नगर पंचायत को 1 करोड़ रुपये आवंटित किए हैं। इस राशि से स्ट्रीट लाइट, सामुदायिक भवन, विवाह भवन, पार्क, शवदाह गृह समेत अन्य नागरिक सुविधाओं का निर्माण और विकास किया जाएगा।
नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव सुनील कुमार ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि ऑनलाइन आवंटन प्राप्त होने के 15 दिनों के भीतर राशि की निकासी सुनिश्चित की जाए, ताकि विकास कार्य समय पर शुरू हो सकें।
हर महीने देनी होगी प्रगति रिपोर्ट
विभाग ने निर्देश दिया है कि जिन योजनाओं पर कार्य किया जाएगा, उनकी प्रगति रिपोर्ट प्रत्येक माह की 5 तारीख तक विभाग को भेजना अनिवार्य होगा। इससे योजनाओं की नियमित निगरानी और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा सकेगा।
सभी निर्माण कार्य खुली निविदा प्रक्रिया के माध्यम से कराए जाएंगे। सरकार ने अधिकारियों को झारखंड कोषागार संहिता-2016 तथा अन्य वित्तीय नियमों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही यह भी सुनिश्चित करने को कहा गया है कि किसी भी योजना में राशि का दोहराव या दोबारा भुगतान न हो।