Simdega News: सिमडेगा जिले के कोलेबिरा थाना क्षेत्र में पुलिस ने पशु तस्करी से जुड़े मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया. दोनों पर प्रतिबंधित गोवंशीय पशुओं से लदे वाहन को सुरक्षित रास्ता दिलाने के लिए रेकी करने का आरोप है.
गुप्त सूचना पर पुलिस ने बिछाया जाल
एसडीपीओ धर्मदेव पासवान ने बताया कि पुलिस अधीक्षक को सूचना मिली थी कि ओडिशा की ओर से प्रतिबंधित गोवंशीय पशुओं से लदा एक वाहन कोलेबिरा होकर गुजरने वाला है. सूचना के बाद एसपी के निर्देश पर रांची-सिमडेगा मुख्य मार्ग स्थित टेलीफोन एक्सचेंज के पास बैरिकेडिंग कर सघन वाहन जांच शुरू की गई.
बैरिकेडिंग तोड़कर भागे, पीछा कर पकड़े गए
देर रात एक कार तेज रफ्तार में मौके पर पहुंची. पुलिस ने रुकने का इशारा किया तो चालक बैरिकेडिंग तोड़ते हुए पुलिसकर्मियों को धक्का देकर गुमला की ओर भाग निकला. पुलिस ने पीछा कर वाहन को रोक लिया.
पूछताछ में कबूला रेकी करने का आरोप
कार में सवार सादिक खान और साकिब भंडारी से पूछताछ की गई. पुलिस के अनुसार दोनों ने स्वीकार किया कि वे पशुओं से लदी गाड़ी को सुरक्षित निकालने के लिए रेकी कर रहे थे. इसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया. मामले में आगे की जांच जारी है.