Sports News: आयरलैंड, इंग्लैंड और एशियन गेम्स के लिए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने बड़ा फैसला लेते हुए टी20 टीम की कप्तानी श्रेयस अय्यर को सौंप दी है। इस फैसले के साथ ही सूर्यकुमार यादव न सिर्फ कप्तानी से हटाए गए, बल्कि टीम में भी जगह नहीं मिली। वहीं युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को टीम में शामिल कर चयनकर्ताओं ने सभी का ध्यान खींचा है।
वर्ल्ड कप जिताने वाले कप्तान पर गिरी गाज
सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारत ने हाल ही में टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब जीता था। इसके साथ ही वह महेंद्र सिंह धोनी और रोहित शर्मा के बाद भारत को टी20 विश्व कप जिताने वाले तीसरे कप्तान बने थे। हालांकि पिछले एक साल में उनके व्यक्तिगत प्रदर्शन को लेकर लगातार सवाल उठ रहे थे, जिसका असर चयनकर्ताओं के फैसले में दिखा।
श्रेयस अय्यर के पक्ष में गया प्रदर्शन का पलड़ा
श्रेयस अय्यर पिछले कुछ वर्षों से बल्लेबाज और कप्तान दोनों भूमिकाओं में शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। उनकी कप्तानी में पंजाब किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स ने बेहतरीन प्रदर्शन किया, जबकि 2024 में उन्होंने कोलकाता नाइट राइडर्स को आईपीएल चैंपियन बनाया था। लगातार अच्छे प्रदर्शन के दम पर उन्हें टीम इंडिया की टी20 कप्तानी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
गांगुली बोले- चयनकर्ताओं के फैसले का सम्मान करें
पूर्व भारतीय कप्तान Sourav Ganguly ने सूर्यकुमार यादव को हटाने के फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि श्रेयस अय्यर ने अपने प्रदर्शन के दम पर यह जिम्मेदारी हासिल की है। पीटीआई से बातचीत में गांगुली ने कहा, “मैं यह नहीं कहूंगा कि सूर्यकुमार यादव को हटाना अनुचित है। चयनकर्ताओं ने अपना फैसला लिया है और उसका सम्मान किया जाना चाहिए।”