UPSC 2026: संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा 2026 आज रविवार को देशभर में आयोजित की जा रही है. देश की सबसे प्रतिष्ठित और चुनौतीपूर्ण परीक्षाओं में शामिल इस एग्जाम को लेकर प्रशासनिक स्तर पर व्यापक तैयारी की गई है. लाखों उम्मीदवार आज अपने सपनों को लेकर परीक्षा केंद्रों पर पहुंचे हैं और हर केंद्र पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है.
8 लाख से ज्यादा अभ्यर्थी मैदान में, इस बार नए परीक्षा केंद्र भी जोड़े गए
इस वर्ष UPSC प्रीलिम्स परीक्षा में देशभर से कुल 8,19,372 अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं. परीक्षा के लिए देश के अलग अलग हिस्सों में 83 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं. इस बार भुवनेश्वर, कानपुर और मेरठ को नए परीक्षा केंद्र के रूप में शामिल किया गया है, जिससे अभ्यर्थियों को सुविधा मिल सके. UPSC की ओर से इस साल कुल 933 पदों पर भर्ती निकाली गई है. इनमें बेंचमार्क विकलांग व्यक्तियों यानी PwBD श्रेणी के लिए 33 पद आरक्षित रखे गए हैं. अधिसूचना के अनुसार भारतीय प्रशासनिक सेवा यानी IAS के लिए 180 पद, भारतीय पुलिस सेवा यानी IPS के लिए 150 पद और भारतीय विदेश सेवा यानी IFS के लिए 40 पद निर्धारित किए गए हैं.
रांची में 36 केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम, निषेधाज्ञा लागू
राजधानी रांची में भी UPSC परीक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आया. शहर के 36 परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था बेहद सख्त कर दी गई है. परीक्षा के दौरान किसी भी तरह की अव्यवस्था या संदिग्ध गतिविधि को रोकने के लिए केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में BNS 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू की गई है. प्रशासन के निर्देश के मुताबिक सुबह 6:30 बजे से शाम 7:30 बजे तक परीक्षा केंद्रों के आसपास भीड़ जुटाने, अनावश्यक आवाजाही और किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि पर रोक रहेगी. इसके अलावा सभी केंद्रों पर पुलिस बल और मजिस्ट्रेट की तैनाती भी की गई है ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराई जा सके.
दो पालियों में हो रही परीक्षा, समय से पहुंचने की सलाह
UPSC प्रीलिम्स परीक्षा आज दो शिफ्ट में आयोजित की जा रही है. पहली पाली सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक चल रही है, जबकि दूसरी पाली दोपहर 2:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक आयोजित होगी. अभ्यर्थियों को पहले ही समय से परीक्षा केंद्र पहुंचने की सलाह दी गई थी ताकि प्रवेश प्रक्रिया के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े. सुरक्षा जांच और पहचान सत्यापन को लेकर भी इस बार अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है.
लाखों युवाओं के भविष्य से जुड़ी है यह परीक्षा
हर साल की तरह इस बार भी UPSC प्रीलिम्स परीक्षा लाखों युवाओं के सपनों और भविष्य से जुड़ी हुई है. देशभर के उम्मीदवार वर्षों की तैयारी और मेहनत के बाद इस परीक्षा में शामिल हो रहे हैं. ऐसे में प्रशासन और आयोग दोनों की कोशिश है कि परीक्षा पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ संपन्न हो.