West Singhbhum: पश्चिम सिंहभूम जिले के तांतनगर ओपी क्षेत्र के दारा गांव में एक दुखद घटना सामने आई है। जहां 28 वर्षीय मोइका पूर्ति ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी, जिससे पूरे इलाके में दहसत का माहौल है।
पत्नी से फोन पर बातचीत के बाद घर से निकला युवक
परिजनों के मुताबिक, मोइका शादीशुदा था और उसकी पत्नी इन दिनों अपने मायके में रह रही थी। सोमवार रात उसने अपनी मां से खाना मांगा था और उसी दौरान वह अपनी पत्नी से फोन पर बात भी कर रहा था। लेकिन खाना आने से पहले ही वह घर से बाहर निकल गया।
तालाब किनारे नीम के पेड़ से लटका मिला युवक शव
कुछ देर बाद वह घर से करीब 400 मीटर दूर तालाब के पास एक नीम के पेड़ पर गमछे के सहारे फांसी लगा ली। जब काफी देर तक वह घर नहीं लौटा तो उसका छोटा भाई उसकी तलाश में निकला। तालाब के पास पहुंचने पर उसने मोइका को फंदे से लटका हुआ देखा।
पुलिस जांच में जुटी,पोस्टमार्टम के बाद शव को सौंपा गया
इसके बाद गांव में हड़कंप मच गया। परिजनों और ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल चाईबासा भेज दिया। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार को सौंप दिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आत्महत्या की वजह जानने की कोशिश की जा रही है।