Jharkhand News: धनबाद रेलमंडल के अंतर्गत टोरी-शिवपुर रेलवे लाइन पर लातेहार जिले के बालूमाथ रेलवे स्टेशन के समीप मालगाड़ी की दो बोगियां पटरी से उतर गईं. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और इस रूट पर रेल परिचालन पूरी तरह प्रभावित हो गया. राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी प्रकार के जानमाल के नुकसान की सूचना नहीं है.
दो से तीन घंटे के भीतर रेल यातायात सामान्य होने की संभावना
घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे के अधिकारी और स्टेशन मास्टर मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया. धनबाद रेल मंडल के टीआई संजय कुमार ने दुर्घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि तकनीकी टीम को तुरंत मौके पर भेजा गया है और बोगियों को दोबारा पटरी पर लाने का काम शुरू कर दिया गया है. उनके अनुसार दो से तीन घंटे के भीतर रेल यातायात सामान्य होने की संभावना है.
इंजीनियर और रेलवे कर्मी लगातार राहत कार्य जुटे
रेलवे प्रशासन की ओर से वरीय अधिकारियों को भी घटना की सूचना दे दी गई है. इंजीनियर और रेलवे कर्मी लगातार राहत और बहाली कार्य में जुटे हुए हैं. प्रारंभिक जांच में पटरी की स्थिति लोड या किसी तकनीकी खामी को दुर्घटना की वजह माना जा रहा है. हालांकि रेलवे अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा.
रेल पटरियों की तकनीकी स्थिति और नियमित निरीक्षण को लेकर सवाल
मालगाड़ी के बेपटरी होने से एक बार फिर रेल पटरियों की तकनीकी स्थिति और नियमित निरीक्षण को लेकर सवाल खड़े होते हैं. हालांकि त्वरित कार्रवाई और किसी के हताहत न होने से स्थिति को संभाल लिया गया है. अब जांच रिपोर्ट पर ही यह निर्भर करेगा कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं.