BREAKING: लल्लनटॉप को एक सशक्त और प्रभावशाली डिजिटल मीडिया ब्रांड के रूप में खड़ा करने वाले वरिष्ठ पत्रकार सौरभ द्विवेदी ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है. इसके साथ ही उन्होंने इंडिया टुडे ग्रुप में संपादक की जिम्मेदारी भी छोड़ दी है. ग्रुप प्रबंधन ने उनका इस्तीफा स्वीकार कर लिया है और उनके भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए उन्हें कार्यमुक्त कर दिया गया है. इस फैसले के बाद हिंदी मीडिया जगत में हलचल तेज हो गई है.
सूत्रों के अनुसार सौरभ द्विवेदी अब एक नई मीडिया पहल की तैयारी में हैं और आने वाले समय में अपना स्वतंत्र मीडिया ब्रांड शुरू कर सकते हैं. हालांकि इस संबंध में अभी तक कोई औपचारिक घोषणा नहीं की गई है. इस्तीफे की जानकारी सौरभ द्विवेदी ने खुद सोशल मीडिया के माध्यम से साझा की, जिसके बाद यह खबर तेजी से चर्चा में आ गई.
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा किया पोस्ट
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा किए गए अपने पोस्ट में सौरभ द्विवेदी ने लिखा कि शुक्रिया लल्लनटॉप, पहचान, सबक और हौसले के लिए और भविष्य के लिए शुभकामनाएं. अपना साथ यहां समाप्त होता है. अध्ययन अवकाश और फिर आगे के संकल्प की बात करूंगा. आप सबने भी बहुत सिखाया. इसके बाद उन्होंने एक अन्य पोस्ट में लिखा कि यूं ही आबाद रहेगी दुनिया, हम न होंगे कोई हमसा होगा, धन्यवाद मान, पहचान और ज्ञान के लिए, एक अल्पविराम के बाद नई यात्रा की तैयारी. इन पंक्तियों से यह साफ झलकता है कि वे किसी नए सफर की ओर कदम बढ़ाने की तैयारी में हैं.
फिल्मों और टीवी की दुनिया में अपनी किस्मत आजमा सकते हैं सौरभ
मीडिया गलियारों में यह चर्चा भी तेज है कि सौरभ द्विवेदी फिल्मों और टीवी की दुनिया में अपनी किस्मत आजमा सकते हैं. उन्होंने इससे पहले कई इंटरव्यू में फिल्मों में काम करने की इच्छा जाहिर की है. हालांकि उन्होंने अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया है कि वे आगे मीडिया क्षेत्र में ही सक्रिय रहेंगे या किसी अन्य क्षेत्र की ओर रुख करेंगे.
हिंदी पत्रकारिता के चर्चित और भरोसेमंद नामों में शुमार
सौरभ द्विवेदी हिंदी पत्रकारिता के चर्चित और भरोसेमंद नामों में शुमार हैं. वे हिंदी डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म द लल्लनटॉप के संस्थापक संपादक रहे हैं और इंडिया टुडे हिंदी के संपादक की भूमिका भी निभा चुके हैं. उनकी पहचान राजनीतिक रिपोर्टिंग, लंबे और गहन इंटरव्यू तथा सार्वजनिक बहसों को सटीक तरीके से संचालित करने के लिए रही है.
JNU के छात्र रह चुके है सौरभ
सौरभ द्विवेदी का जन्म 22 अप्रैल 1983 को उत्तर प्रदेश के जालौन जिले के चमरारी गांव में हुआ. उनकी शुरुआती शिक्षा उरई में हुई. इसके बाद उन्होंने डीवीसी कॉलेज उरई से स्नातक की पढ़ाई पूरी की. उच्च शिक्षा के लिए वे जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय नई दिल्ली पहुंचे, जहां उन्होंने हिंदी साहित्य में मास्टर्स किया और 1857 के विद्रोह पर एमफिल की पढ़ाई की. इसके बाद उन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान नई दिल्ली से मास कम्युनिकेशन का कोर्स किया.
करियर की शुरुआत उन्होंने नवभारत टाइम्स से की
अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत उन्होंने नवभारत टाइम्स से की. इसके बाद उन्होंने दैनिक भास्कर में न्यूज़ एडिटर के तौर पर काम किया. वर्ष 2013 में वे इंडिया टुडे ग्रुप से जुड़े और 2016 में हिंदी डिजिटल प्लेटफॉर्म द लल्लनटॉप की शुरुआत की. लल्लनटॉप के जरिए उन्होंने हिंदी डिजिटल पत्रकारिता को एक नई पहचान दी. वे द लल्लनटॉप शो, नेतानगरी, दुनियादारी और गेस्ट इन द न्यूजरूम जैसे लोकप्रिय कार्यक्रमों के होस्ट भी रहे हैं, जिन्हें दर्शकों का व्यापक समर्थन मिला.
हिंदी डिजिटल मीडिया के एक बड़े अध्याय पर विराम
सौरभ द्विवेदी का इस्तीफा केवल एक पद छोड़ने की खबर नहीं है, बल्कि यह हिंदी डिजिटल मीडिया के एक बड़े अध्याय के विराम जैसा है. लल्लनटॉप के जरिए उन्होंने यह साबित किया कि गंभीर पत्रकारिता को सरल भाषा और नए फॉर्मेट में भी सफल बनाया जा सकता है. उनके अगले कदम को लेकर उत्सुकता स्वाभाविक है, क्योंकि यह तय माना जा रहा है कि उनका अनुभव और पहचान किसी न किसी नए मंच पर फिर प्रभाव छोड़ेगी. मीडिया जगत की निगाहें अब उनकी अगली घोषणा पर टिकी हुई हैं.