Ramgarh: रामगढ़ जिले के कुज्जू थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात ताबड़तोड़ फायरिंग की घटना सामने आई। नया मोड़ स्थित सीसीएल अस्पताल के सामने बालू घाट का टेंडर लेने वाले गुरुदेव ट्रेडिंग के संचालक डब्बू सिंह के घर को अज्ञात बदमाशों ने निशाना बनाया। बाइक से आए अपराधियों ने आवास के अंदर घुसकर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं और मौके से फरार हो गए।
इस गोलीबारी में कोई हताहत नहीं
घटना के वक्त डब्बू सिंह अपने पूरे परिवार के साथ घर में मौजूद थे। गनीमत रही कि इस गोलीबारी में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन घर की खिड़की, मुख्य गेट और खड़ी गाड़ी पर गोलियों के निशान पाए गए हैं। फायरिंग की आवाज से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और पूरे मोहल्ले में दहशत का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। घटनास्थल से कई खोखे बरामद किए गए हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके।
पीड़ित कारोबारी डब्बू सिंह ने लगाया आरोप
पीड़ित कारोबारी डब्बू सिंह ने आरोप लगाया है कि उन्हें लंबे समय से राहुल दूबे नामक व्यक्ति द्वारा धमकाया जा रहा था। उन्होंने बताया कि जिले के सभी बालू घाटों का टेंडर उनकी कंपनी को मिला है, जबकि बालू से संबंधित मामला फिलहाल न्यायालय में लंबित है, जिस पर 13 जनवरी को निर्णय आने की संभावना है। फैसले के बाद कानूनी प्रक्रिया पूरी कर बालू घाटों का संचालन शुरू किया जाना है।
मांग पूरी न करने पर हुई फायरिंग
डब्बू सिंह का कहना है कि राहुल दूबे गैंग की ओर से बालू कारोबार चलाने के बदले प्रति सीएफटी पांच रुपये की अवैध रंगदारी मांगी जा रही थी। मांग पूरी न करने पर उनके घर पर फायरिंग कर दहशत फैलाने की कोशिश की गई। उन्होंने यह भी बताया कि घटना के बाद दोबारा फोन कर उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई और चेतावनी दी गई कि बात न मानने पर अंजाम और भी गंभीर होगा।
अपराधियों ने मौके पर छोड़ा एक पर्चा
पीड़ित ने दावा किया कि अपराधियों ने मौके पर एक पर्चा भी छोड़ा है, जिसमें गोलीबारी की जिम्मेदारी ली गई है। उन्होंने बताया कि इससे पहले भी कई बार उन्हें जान से मारने की धमकियां मिल चुकी हैं।
पुलिस मौके पर पहुंची
घटना की जानकारी मिलते ही एसडीपीओ परमेश्वर प्रसाद भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। मांडू अंचल के इंस्पेक्टर रजत कुमार ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा। वहीं, घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस से अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।