Palamu: पलामू रेंज को आखिरकार नया नेतृत्व मिल गया है। वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी किशोर कौशल ने मंगलवार को औपचारिक रूप से पलामू रेंज के पुलिस उपमहानिरीक्षक (DIG) के रूप में कार्यभार संभाल लिया। पदभार ग्रहण के अवसर पर पलामू की पुलिस अधीक्षक रीष्मा रमेशन ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया और नई जिम्मेदारी के लिए उन्हें शुभकामनाएं दी।
कई महीनों से पलामू रेंज में डीआईजी का पद थी खाली
बता दें कि बीते कई महीनों से पलामू रेंज में डीआईजी का पद खाली था। पूर्व डीआईजी नौशाद आलम के स्थानांतरण के बाद यह पद खाली चल रहा था, जिसके चलते प्रशासनिक कार्यों पर अतिरिक्त दबाव बना हुआ था। अब किशोर कौशल की नियुक्ति से क्षेत्र की पुलिस व्यवस्था को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना
पदभार संभालने के बाद नवपदस्थापित डीआईजी किशोर कौशल ने कहा कि उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत करना, अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण तथा आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना होगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस को जनता के प्रति संवेदनशील रहकर काम करना होगा और अपराध नियंत्रण के लिए आधुनिक रणनीतियों को अपनाया जाएगा।
किशोर कौशल के निर्देश
इसके साथ ही डीआईजी किशोर कौशल ने सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मियों को टीमवर्क की भावना के साथ कार्य करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना बहुत जरूरी है, ताकि क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और विश्वास का माहौल कायम हो सके।