Bihar: पटना में 52 लाख रुपये के चर्चित बैंक लूटकांड से जुड़े कुख्यात अपराधी अमन शुक्ला की गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह सनसनीखेज वारदात पत्रकार नगर थाना क्षेत्र के पी सेक्टर स्थित विद्यापुरी इलाके में सोमवार शाम को हुई। दिनदहाड़े हुई अंधाधुंध फायरिंग से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और लोग डर के मारे अपने-अपने घरों में दुबक गए।
10 से अधिक गोलियां दागे अपराधी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक पर सवार हमलावर पहले से ही मौके पर घात लगाए हुए थे। जैसे ही अमन शुक्ला थेरेपी सेंटर से बाहर निकला, अपराधियों ने उस पर 10 से अधिक गोलियां दाग दिए। अचानक हुई इस फायरिंग से सड़क पर अफरा-तफरी मच गई।
सिटी एसपी मौके पर पहुंचे
घटना की सूचना मिलते ही सिटी एसपी पूर्वी परिचय कुमार मौके पर पहुंचे। पत्रकार नगर थाना सहित पांच थानों की पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल से सबूत जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया।
ताबड़तोड़ हुई फायरिंग
सिटी एसपी पूर्वी परिचय कुमार ने बताया कि अमन शुक्ला पिछले छह महीनों से मुनाचक इलाके के विद्यापुरी पार्क के पास अपने बच्चे की नियमित थेरेपी के लिए आता था। सोमवार को भी वह अपने बच्चे की थेरेपी कराकर लौट रहा था। शाम करीब 5:45 बजे जैसे ही वह थेरेपी सेंटर से बाहर निकला, तभी पहले से घात लगाए अपराधियों ने उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।
गंभीर रूप से घायल अमन शुक्ला को स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।
आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस के अनुसार, अमन शुक्ला का आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। वह वर्ष 2020 में पटना के बेऊर थाना क्षेत्र स्थित पंजाब नेशनल बैंक में हुई बड़ी लूट की घटना में शामिल था। उस समय अपराधियों ने बैंक से 52 लाख 33 हजार 500 रुपये लूटे थे।
2020 का चर्चित बैंक लूट मामला
साल 2020 में बेऊर स्थित पंजाब नेशनल बैंक में 10 से 12 हथियारबंद अपराधियों ने दिनदहाड़े बैंक पर हमला किया था। हथियारों के बल पर बैंक कर्मियों और ग्राहकों को बंधक बना लिया गया था। इसके बाद बैंक मैनेजर से कैश रूम की चाबी लेकर वहां रखी पूरी नकदी लूट ली गई थी। पहचान छुपाने के लिए अपराधियों ने बैंक में लगे सीसीटीवी का डीवीआर भी क्षतिग्रस्त कर दिया था।
फिलहाल पुलिस हत्या के पीछे की वजह और हमलावरों की पहचान में जुटी हुई है। इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।