Jamshedpur: जमशेदपुर पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। सिदगोड़ा थाना क्षेत्र से मई 2025 में पुलिस हिरासत से फरार हुआ आरोपी मोहित सिंह आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया है। मंगलवार को पुलिस ने उसे न्यायालय परिसर के बाहर से उस समय गिरफ्तार किया, जब वह अग्रिम जमानत के लिए अदालत में उपस्थित होने के लिए पहुंचा था। गिरफ्तारी के बाद पुलिस आरोपी को सिदगोड़ा थाना ले गई, जहां उससे गहन पूछताछ की जा रही है।
टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे दबोच
बता दें कि मोहित सिंह के खिलाफ सिदगोड़ा थाना में आर्म्स एक्ट और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज है। पुलिस लंबे समय से उसकी तलाश कर रही थी और जैसे ही उसके न्यायालय पहुंचने की सूचना मिली, टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे दबोच लिया। फिलहाल उसे आर्म्स एक्ट के मामले में गिरफ्तार किया गया है.
पूरा मामला जानें
पूरा मामला मार्च 2025 का है, जब पुलिस ने सिदगोड़ा क्रॉस रोड नंबर-2 में छापेमारी कर अंशु चौहान को हथियार के साथ गिरफ्तार किया था। पूछताछ के दौरान अंशु ने खुलासा किया था कि मोहित सिंह ने उसे अपने कब्जे वाले क्वार्टर में एक आपराधिक घटना को अंजाम देने के उद्देश्य से पनाह दी थी। इस जानकारी के आधार पर पुलिस ने मई 2025 में मोहित सिंह को गिरफ्तार किया था।
मोहित सिंह पुलिस कस्टडी से फरार हो गया था
हालांकि, गिरफ्तारी के कुछ समय बाद ही मोहित सिंह पुलिस कस्टडी से फरार हो गया, जिससे पुलिस की मुश्किलें बढ़ गई थीं। उसके फरार होने के बाद से ही पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई थी। आखिरकार, कई महीनों की मशक्कत के बाद पुलिस को यह सफलता मिली है।
पुलिस की पूछताछ जारी
फिलहाल पुलिस आरोपी से फरारी के दौरान उसकी गतिविधियों और अन्य संभावित आपराधिक मामलों को लेकर पूछताछ कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।