Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-01-06

Bihar News: मधुबनी पुलिस की कार्यशैली पर उठे सवाल, वायरल वीडियो के बाद दो पुलिसकर्मी निलंबित

Bihar: मधुबनी पुलिस की कार्यप्रणाली एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे एक वीडियो में पुलिसकर्मियों द्वारा एक युवक के साथ मारपीट करते हुए देखा जा रहा है। यह वीडियो मधुबनी नगर थाना क्षेत्र के कोतवाली चौक का बताया जा रहा है।

वायरल वीडियो में क्या दिख रहा है जानें 

वायरल वीडियो में दिख रहा है कि वाहन चेकिंग के दौरान एक बाइक सवार युवक को गिराकर पुलिसकर्मी लात-घूंसे से पिटाई कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह घटना 31 दिसंबर की रात करीब 12 बजे की है। वीडियो सामने आने के बाद मामला तूल पकड़ गया और बिहार पुलिस की छवि पर सवाल खड़े हो गए।

इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मधुबनी के पुलिस अधीक्षक (एसपी) योगेंद्र कुमार ने वीडियो में दिख रहे पुलिसकर्मी सिपाही महेंद्र कुमार और हवलदार तनवीर आलम को निलंबित कर दिया है। साथ ही नगर थाना अध्यक्ष मनोज कुमार से भी स्पष्टीकरण मांगा गया है।

नगर थाना अध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया 

नगर थाना अध्यक्ष मनोज कुमार के अनुसार 31 दिसंबर की रात वाहन चेकिंग के दौरान एक बुलेट सवार युवक, जिसकी पहचान पूर्व वार्ड पार्षद राम उदगार यादव (निवासी – बारी टोला, कोतवाली चौक) के रूप में हुई है, शराब के नशे में था और गाली-गलौज करते हुए आ रहा था। पुलिस द्वारा उसे रोकने का इशारा किया गया, लेकिन उसने बाइक की गति बढ़ा दी।

इसी दौरान कोतवाली चौक के पास वह असंतुलित होकर गिर गया। पुलिस का दावा है कि उसे गिराया नहीं गया। हालांकि, वीडियो में युवक के गिरने के बाद जिस तरह से पुलिसकर्मियों द्वारा उसकी पिटाई की जा रही है, उसने पूरे मामले को गंभीर बना दिया है। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार ने कहा कि वाहन चेकिंग के दौरान इस तरह की मारपीट पूरी तरह अनुचित है और किसी भी परिस्थिति में कानून को हाथ में लेना स्वीकार्य नहीं है।

निलंबन की कार्रवाई हुई 

उन्होंने बताया कि युवक शराब के नशे में था और उसके खिलाफ नगर थाना में प्राथमिकी भी दर्ज की गई है, लेकिन पुलिसकर्मियों का व्यवहार गलत पाया गया, जिसके कारण निलंबन की कार्रवाई की गई है।
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !